कप्तान साहब! र्जशीट पर कुंडली मारकर बैठा पैरवीकार!

 

🔴सेवरही थाने के सिपाही पर विपक्षियों से मिलीभगत का आरोप, एसपी से शिकायत

🔵 युगान्धर टाइम्स व्यूरो 

कुशीनगर।मारपीट के मुकदमे में जांच पूरी होने और चार्जशीट तैयार होने के बाद भी उसे न्यायालय में दाखिल नहीं किए जाने का आरोप सामने आया है। सेवरही थाने के पैरवीकार सिपाही पर चार्जशीट दाखिल करने में जानबूझकर देरी करने और विपक्षियों से मिलीभगत की आशंका जताई गई है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले में हस्तक्षेप और उचित कार्रवाई की मांग की है।

सेवरही थाना क्षेत्र के आजाद नगर निवासी राजेंद्र गोंड पुत्र रामचंद्र गोंड ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया है कि 21 अप्रैल 2026 को मारपीट के मामले में सेवरही थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। प्रार्थी के मुताबिक, मामले की जांच तमकुहीराज के क्षेत्राधिकारी ने की और आरोपपत्र (चार्जशीट) तैयार कर दिया गया। इसके बाद थाने के पैरवीकार सिपाही दीपुल ने संबंधित कागजात रिसीव कर लिए, लेकिन आरोप है कि अब तक उन्हें न्यायालय में दाखिल नहीं किया गया है।

पीड़ित का कहना है कि चार्जशीट दाखिल होने की जानकारी मांगने पर पैरवीकार उसे बार-बार अगले दिन आने की बात कहकर टाल देते हैं। इससे उसे न्याय मिलने में देरी की आशंका सता रही है। प्रार्थी ने विपक्षियों से मिलीभगत की आशंका जताते हुए मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है। सवाल यह है कि जब जांच पूरी कर चार्जशीट तैयार कर ली गई, तो उसे न्यायालय में दाखिल करने में देरी क्यों हो रही है? क्या यह महज पुलिसिया लापरवाही है या इसके पीछे कोई दूसरा कारण है? इन सवालों का जवाब संबंधित पुलिस अधिकारियों की जांच से ही सामने आ सकता है। फिलहाल पीड़ित ने एसपी से पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदारी तय करने और उचित कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।

🔴रिपोर्ट - संयोग श्रीवास्तव



Post a Comment

Previous Post Next Post