16 साल की छात्रा रागिनी की पहल, पडरौना में डिजिटल लाइब्रेरी की उम्मीद

 

🔵 तीन कॉलेजों के विद्यार्थियों ने उठाई आवाज,डीएम के सामने रखा डिजिटल शिक्षा का रोडमैप

🔴 किताबों से एआई तक एक छत के नीचे पढ़ाई का सपना, रागिनी ने डीएम के सामने रखी मांग

🔵 युगान्धर टाइम्स व्यूरो 

कुशीनगर। उम्र महज 16 साल, लेकिन सोच पूरे शहर के युवाओं के भविष्य की। कक्षा 11 की छात्रा रागिनी राज्यलक्ष्मी सिंह ने पडरौना में डिजिटल लाइब्रेरी की जरूरत को आवाज देकर युवाओं की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ा अहम सवाल प्रशासन के सामने रखा है। तीन यूथ क्लबों के प्रतिनिधिमंडल के साथ जिलाधिकारी संजय चौहान से मुलाकात कर उन्होंने ऐसी लाइब्रेरी स्थापित करने की मांग की, जहां आधुनिक तकनीक, किताबों और ऑनलाइन शिक्षा की सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध हों। जिलाधिकारी ने इस पहल का स्वागत करते हुए मांग को स्वीकार किया।

सोमवार को जिलाधिकारी के कैंप कार्यालय में हुई मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि आज के दौर में विद्यार्थियों को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है। उन्हें डिजिटल संसाधनों, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी बेहतर अवसर चाहिए। इसी सोच के साथ पडरौना नगर में एक सर्वसुविधायुक्त कॉमन डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया।

🔴किताबों के साथ तकनीक और एआई की भी मिलेगी सुविधा

यूथ क्लब की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि प्रस्तावित लाइब्रेरी में तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से संबंधित पुस्तकें, रेफरेंस बुक्स, वाई-फाई युक्त कंप्यूटर तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क ऑनलाइन तैयारी की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। विद्यार्थियों को पुस्तकालय परिसर में उपयोग के लिए मोबाइल और टैबलेट भी उपलब्ध कराने का सुझाव दिया गया, ताकि आर्थिक संसाधनों की कमी उनकी पढ़ाई में बाधा न बने। प्रतिनिधिमंडल ने छात्राओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लाइब्रेरी में उनके लिए अलग आरक्षित समय निर्धारित करने की मांग भी उठाई। उद्देश्य है कि छात्राओं को पढ़ाई के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण मिले तथा वे बिना किसी असुविधा के अपने शैक्षिक लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ सकें।

🔴 तीन कॉलेजों में सक्रिय हैं यूथ क्लब

रागिनी राज्यलक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में यूथ क्लब पिछले कई महीनों से हनुमान इंटर कॉलेज, उदित नारायण इंटरमीडिएट कॉलेज और स्यो बाई कमला देवी टिबड़ेवाल इंटर कॉलेज में सक्रिय हैं। इन क्लबों की बैठकों में विद्यार्थी अपनी समस्याओं, चिंताओं और भविष्य की जरूरतों पर खुलकर चर्चा करते हैं। डिजिटल लाइब्रेरी की मांग भी इसी सामूहिक विचार-विमर्श का परिणाम है।जिलाधिकारी संजय चौहान ने विद्यार्थियों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे यूथ क्लब युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित करते हैं और उन्हें समाज के हित में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि इस पहल से पडरौना के विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाया जाएगा।

🔴 छात्राओं ने रखी युवाओं के भविष्य की बात

प्रतिनिधिमंडल में हनुमान इंटर कॉलेज की श्रेया जायसवाल, मांडवी सिंह और सोनम केसरी तथा उदित नारायण इंटरमीडिएट कॉलेज की आराधना सिंह, अंशिका वर्मा, रत्ना कुशवाहा, अदिति पांडेय और राबिया तबस्सुम सहित अन्य छात्राएं शामिल रहीं। जिलाधिकारी द्वारा मांग स्वीकार किए जाने के बाद अब महत्वपूर्ण होगा कि डिजिटल लाइब्रेरी के लिए स्थान, बजट, जरूरी उपकरण और संचालन की व्यवस्था कितनी जल्दी तय होती है। यदि यह पहल जमीन पर उतरती है, तो पडरौना के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक साझा मंच मिल सकता है।



Post a Comment

Previous Post Next Post