🔵चित्रगुप्त मंदिर प्रकरण पर संत समाज का शंखनाद, षड्यंत्रकारियों पर कार्रवाई की मांग
🔴 चित्रगुप्त मंदिर प्रकरण गरमाया, साधु-संतों ने डीएम से कहा-दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई,बजरंग दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष की अगुवाई में जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
🔵 युगान्धर टाइम्स व्यूरो
कुशीनगर। श्री चित्रगुप्त मंदिर में चित्रगुप्त पूजन के दिन कुछ मनबढ लोगों द्वारा किए गये हंगामे, मंदिर के महंत अजय श्रीदास के साथ गाली-गलौज और उनके पुत्र पर हमले के प्रयास का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। घटना के विरोध में साधु-संतों ने एकजुट होकर मोर्चा खोल दिया है। बजरंग दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ. रवि राय भारद्वाज की अगुवाई में साधु-संतों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा पीड़ित महंत अजय श्रीदास और उनके परिवार को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे साधु-संतों ने आरोप लगाया कि पडरौना नगर के तुलसी आवास विकास कॉलोनी निवासी प्रकाश श्रीवास्तव द्वारा विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में कथित रूप से भड़काऊ और आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया। संतों का आरोप है कि इन्हीं टिप्पणियों के जरिए प्रमोद श्रीवास्तव प्रियदर्शनी समेत अन्य लोगों को उकसाकर मंदिर में विवाद और हंगामे की स्थिति पैदा कराई गई। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में किसकी क्या भूमिका रही, इसकी निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की गई है।
🔴धार्मिक आयोजन में अभद्रता से संत समाज नाराज
साधु-संतों ने कहा कि श्री चित्रगुप्त मंदिर में प्रतिवर्ष धार्मिक परंपरा के अनुसार चित्रगुप्त पूजन, अखंड रामायण, हवन और विशाल भंडारे का आयोजन होता है। ऐसे पवित्र आयोजन के दौरान महंत के साथ कथित गाली-गलौज और उनके पुत्र पर हमले की कोशिश के आरोप बेहद गंभीर हैं। धार्मिक स्थल पर इस तरह का माहौल पैदा करना न केवल मंदिर की मर्यादा और शांति के प्रतिकूल है, बल्कि श्रद्धालुओं की आस्था को भी आहत करने वाला है।संतों ने कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने, भीड़ जुटाकर दबाव बनाने अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से किसी व्यक्ति के खिलाफ माहौल तैयार करने का अधिकार नहीं है। यदि किसी को मंदिर या उसकी व्यवस्था से कोई शिकायत है तो उसके समाधान के लिए न्यायिक और संवैधानिक रास्ते मौजूद हैं।
🔴 महंत और परिवार की सुरक्षा पर जताई चिंता
साधु-संतों ने महंत अजय श्रीदास की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई। उनका कहना है कि लगभग दो दशकों से मंदिर की सेवा और देखरेख कर रहे महंत को यदि अपनी और परिवार की सुरक्षा के लिए प्रशासन से गुहार लगानी पड़ रही है तो मामले को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। प्रशासन को किसी अनहोनी का इंतजार किए बिना समय रहते आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
🔴 डीएम से दो टूक मांग, दोषियों पर हो कार्रवाई
ज्ञापन के माध्यम से साधु-संतों ने मांग की, कि सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित भड़काऊ संदेशों की साइबर सेल से जांच कराई जाए। 11 नवंबर को मंदिर परिसर में हुए घटनाक्रम की प्रत्यक्षदर्शियों और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के आधार पर निष्पक्ष जांच हो। जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आए, उनके विरुद्ध बिना किसी दबाव के कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही महंत अजय श्रीदास, उनके पुत्र और परिवार को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। साधु-संतों ने स्पष्ट किया कि मंदिर की धार्मिक गरिमा, पूजा-पद्धति और शांतिपूर्ण आयोजनों में व्यवधान उत्पन्न करने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
🔴 बैठक कर जताया आक्रोश, पारित किया निंदा प्रस्ताव
जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने से पूर्व साधु-संतों ने बैठक आयोजित कर चित्रगुप्त मंदिर में हुई घटना की घोर भर्त्सना एवं निंदा की। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर के महंत के साथ कथित गाली-गलौज, उनके पुत्र पर हमले का प्रयास और मंदिर परिसर में अराजकता उत्पन्न करने के आरोप बेहद गंभीर हैं। ऐसे कृत्य से धार्मिक स्थल की गरिमा और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है। बैठक में घटना के विरोध में निंदा प्रस्ताव पारित करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई। संतों ने एक स्वर में कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल पर इस तरह का माहौल पैदा करने और लोगों को उकसाकर अशांति फैलाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान राजर्षि रामनयन दास महराज, महंत जितेन्द्र दास महराज, अवधेश दास, बालकदास, राजकपूर दास, बालकदास कप्तानगंज, महंत ज्ञानगिरी महराज, सुरेशदास, विचंड दास समेत तमाम साधू-संत मौजूद रहे।



