उषा की पहली किरण के साथ पूर्ण हुई सूर्य साधना, छठी मइया की आराधना में नतमस्तक हुआ कुशीनगर

 

🔴 उदीयमान भास्कर के दर्शन को भोर में घाटों पर उमड़ा आस्था का महासागर, संतान की दीर्घायु और परिवार की मंगलकामना के साथ व्रती महिलाओं ने किया पारण

🔵 युगान्धर टाइम्स व्यूरो 

कुशीनगर। पूरब के आसमान में उषा की लालिमा बिखरते ही लोकआस्था के महापर्व छठ का आध्यात्मिक वैभव अपने चरम पर पहुंच गया। सूर्य की पहली किरण के स्वागत में सोमवार की भोर जनपद के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। चार दिनों तक चलने वाली कठिन सूर्योपासना के अंतिम पड़ाव पर व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर उदीयमान भगवान सूर्यनारायण को अर्घ्य अर्पित किया। छठी मइया के चरणों में शीश नवाकर संतान की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और अखंड सौभाग्य की कामना की। इसके साथ ही 36 घंटे से अधिक समय तक चले निर्जला व्रत का पारण कर छठ महापर्व का विधिवत समापन किया।

भोर होने से पहले ही छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। सिर पर पूजन सामग्री से सजे दउरा, हाथों में फल और प्रसाद से भरे सूप तथा हृदय में अटूट श्रद्धा लिए व्रती महिलाएं छठी मइया के पारंपरिक मंगल गीत गाते हुए घाटों तक पहुंचीं। घाटों पर दीपों की रोशनी और छठ गीतों की मधुर स्वर लहरियों के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। जैसे ही पूर्व दिशा में भगवान भास्कर की पहली किरण दिखाई दी, व्रती महिलाओं ने दोनों हाथ जोड़कर सूर्यदेव का अभिनंदन किया। दूध और पवित्र जल से अर्घ्य अर्पित कर उनकी आराधना की। सूप में सजे ठेकुआ,नारियल, केला, गन्ना, मौसमी फल और अन्य पारंपरिक प्रसाद के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य समर्पित किया गया। जल में खड़ी व्रती महिलाओं के चेहरे पर कठिन तपस्या की पूर्णता और आराधना का संतोष साफ झलक रहा था। अर्घ्य के दौरान घाटों पर 'छठी मइया की जय', 'जय सूर्यनारायण' और 'जय-जय भास्कर भगवान' के जयकारे गूंजते रहे। परिजनों ने भी व्रतियों के साथ पूजा-अर्चना कर परिवार और समाज के मंगल की प्रार्थना की।

🔴प्रत्यक्ष देवता की उपासना से मिलता है जीवन और ऊर्जा का संदेश

अन्तराष्ट्रीय कथावाचक व चित्रगुप्त मंदिर के पीठाधीश्वर अजय श्रीदास ने बताया कि सनातन संस्कृति में भगवान सूर्य को प्रत्यक्ष देवता, जगत की आत्मा और समस्त प्राणियों के जीवन का आधार माना गया है। वे आदित्य, रवि, भानु, भास्कर, दिवाकर,दिनकर, मार्तण्ड, सविता, अर्क, मित्र और पूषा जैसे अनेक नामों से पूजित हैं। उनकी एक-एक किरण प्रकृति में जीवन, ऊर्जा और चेतना का संचार करती है। छठ महापर्व में अस्ताचलगामी और उदीयमान दोनों स्वरूपों में सूर्यदेव की उपासना करना जीवन के प्रत्येक पड़ाव के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और समर्पण का प्रतीक माना जाता है।

🔴 तप, त्याग और अटूट विश्वास की अनूठी परंपरा

छठ महापर्व की विशिष्टता इसकी कठिन साधना, शुद्धता और अनुशासन में निहित है। नहाय-खाय से आरंभ होकर खरना, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और उदीयमान सूर्य की उपासना तक व्रती महिलाएं पूरी निष्ठा से नियमों का पालन करती हैं। निर्जला व्रत रखकर छठी मइया और सूर्यदेव की आराधना करना उनके अटूट विश्वास और समर्पण को दर्शाता है। इस महापर्व में जाति, वर्ग और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर पूरा समाज एक साथ प्रकृति और प्रत्यक्ष देवता की उपासना करता है।उगते सूर्य की स्वर्णिम किरणों के बीच अर्घ्य अर्पित करती व्रती महिलाओं का दृश्य मानो श्रद्धा, साधना और आध्यात्मिक चेतना की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत कर रहा था। पारण के साथ ही चार दिनों तक चले आस्था के इस अनुष्ठान का समापन हुआ। व्रती महिलाओं ने छठी मइया और भगवान सूर्यनारायण से सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।

Post a Comment

Previous Post Next Post