🔵 जल में खड़े होकर व्रती महिलाओं ने की सूर्यदेव की आराधना, सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु का मांगा वरदान
🔴 युगान्धर टाइम्स व्यूरो
कुशीनगर। आस्था की अविरल धारा, लोकपरंपरा की पवित्रता और भगवान सूर्य की आराधना के महापर्व छठ पर रविवार को कुशीनगर जनपद का कोना-कोना भक्तिरस में सराबोर नजर आया। अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के लिए व्रती महिलाओं का जनसैलाब नदी, सरोवरों, पोखरों और छठ घाटों पर उमड़ पड़ा। चारों ओर छठी मइया के पारंपरिक मंगल गीतों, जयकारों और सूर्य उपासना के मंत्रों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। डूबते मार्तण्ड (सूर्य)की लालिमा के बीच जल में खड़ी व्रती महिलाओं ने पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ भगवान सूर्यनारायण को अर्घ्य समर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, आरोग्य और खुशहाली का आशीर्वाद मांगा।
सूर्यास्त से पूर्व ही व्रती महिलाओं का घाटों पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सिर पर पूजन सामग्री से सजे दउरा, हाथों में फल और प्रसाद से भरे सूप तथा मन में अटूट श्रद्धा लिए व्रती माताएं छठी मइया के गीत गाते हुए घाटों तक पहुंचीं। विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद जैसे ही दिनकर पश्चिम दिशा की ओर अस्ताचल की यात्रा पर अग्रसर हुए, व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर भगवान भास्कर को दूध और पवित्र जल से अर्घ्य अर्पित किया। सूप में सजे ठेकुआ, नारियल, केला, गन्ना, मौसमी फल और अन्य पूजन सामग्रियों के साथ सूर्यदेव की आराधना की गई।
🔴अंधकार का नाश, संपूर्ण चराचर जगत को प्रकाश
अंतराष्ट्रीय कथावाचक व चित्रगुप्त मंदिर के पीठाधीश्वर अजय श्रीदास कहते है कि सनातन धर्म में भगवान सूर्य को प्रत्यक्ष देवता और समस्त सृष्टि के जीवनदाता के रूप में प्रतिष्ठित किया गया है। वेदों में सूर्य को जगत की आत्मा कहा गया है। भगवान सूर्य के आदित्य, भास्कर, दिवाकर, दिनकर, रवि, भानु, मार्तण्ड, सविता, अर्क, मित्र, पूषा और सूर्यनारायण जैसे अनेक नाम उनकी दिव्य महिमा का बखान करते हैं। वे अंधकार का नाश कर संपूर्ण चराचर जगत को प्रकाश, ऊर्जा और जीवन प्रदान करते हैं। छठ महापर्व में इन्हीं प्रत्यक्ष देवता की उपासना कर प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रकट की जाती है। धार्मिक मान्यता है कि छठी मइया की विधिपूर्वक आराधना और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने से परिवार में सुख-शांति, संतान को दीर्घायु और जीवन में आरोग्य एवं समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है। यही वजह है कि इस कठिन व्रत में व्रती महिलाएं शुद्धता, पवित्रता और कठोर नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करती हैं। घाटों पर उपस्थित परिजनों और श्रद्धालुओं ने भी हाथ जोड़कर भगवान सूर्यनारायण एवं छठी मइया से मंगलकामना की।
🔴 घाटो पर जगमगाहट
घाटों पर दीपों की जगमगाहट, पूजन सामग्री की सजी टोकरी, पारंपरिक परिधानों में सजी व्रती महिलाएं और छठी मइया के मधुर गीतों ने ऐसा आध्यात्मिक वातावरण निर्मित किया, मानो धरती पर भक्ति और श्रद्धा का महापर्व उतर आया हो। हर ओर एक ही स्वर सुनाई दे रहा था—'छठी मइया की जय' और 'जय सूर्यदेव'।चार दिवसीय छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार की भोर में व्रती महिलाएं पुनः घाटों पर पहुंचकर उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसके साथ ही सूर्योपासना के इस कठिन निर्जला व्रत का विधिवत समापन होगा। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाएं पारण कर परिवार और समाज के मंगल की कामना के साथ महापर्व का समापन करेंगी।

