🔴 तिलक की खुशियां मातम में तब्दील , मौत बनकर आया ट्रेलर, एक ही गांव के छह लोगों की दर्दनाक मौत
🔵 युगान्धर टाइम्स व्यूरो
कुशीनगर। जिस घर में तिलक समारोह की खुशियां बांटकर लोग हंसी-खुशी घर लौट रहे थे, कि घर पहुंचने से पहले ही मौत ने रास्ता रोक लिया। हुआ यह कि रविवार की आधी रात हाटा कोतवाली क्षेत्र के थरुआडीह पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ट्रेलर और वैन की आमने-सामने ऐसी भिड़ंत हुई कि वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में प्रधान प्रतिनिधि समेत छह लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो मासूम गंभीर रूप से घायल हो गए। एक ही गांव के छह लोगों की मौत ने कप्तानगंज क्षेत्र के भलुही गांव को चीख-पुकार और मातम में डुबो दिया।
जानकारी के मुताबिक, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भलुही निवासी प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद अपने परिवार और परिचितों के साथ हाटा कोतवाली क्षेत्र के देवराज पिपरा गांव में रिश्तेदार के यहां आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। मांगलिक कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी लोग वैन से अपने गांव लौट रहे थे।रविवार की रात करीब 12 बजे वैन थरुआडीह पेट्रोल पंप के पास पहुंची ही थी कि सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
🔴 चीख-पुकार के बीच मची बचाने की जद्दोजहद
भीषण टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। वैन में फंसे लोगों की चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वैन में फंसे लोगों को बाहर निकाला, तब तक छह लोगों की सांसें थम चुकी थीं। गंभीर रूप से घायल दोनों बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई।
🔴 प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया समेत छह की मौत
इस हृदयविदारक हादसे में भलुही गांव के प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद (45 वर्ष), रामबेलास (65 वर्ष), राममिलन (35 वर्ष), मृदुल मिश्रा (37 वर्ष), रंजय गुप्ता (35 वर्ष) और मिथिलेश गुप्ता (22 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं राममिलन के बेटे आयुष (12वर्ष) और आर्यन (17 वर्ष ) गंभीर रूप से घायल हैं।एक साथ छह लोगों की मौत की खबर जैसे ही भलुही गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। जिन घरों में कुछ देर पहले तक समारोह की खुशियां थीं, वहां अब अपनों को खोने का दर्द और करुण क्रंदन सुनाई देने लगा। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
🔴 ट्रेलर छोड़कर चालक फरार, जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच करने के साथ फरार चालक की तलाश में जुटी है।


