🔵 शिक्षिका से संबंध का दबाव, विरोध करने पर जान से मारकर नहर में फेंकने की धमकी
🔴 शिक्षिका ने बनाया स्कूल संचालक का वीडियो, संबंध बनाने के दबाव का आरोप; धमकी से मचा हड़कंप
🔴 रैन्वो लोरेटो एकेडमी के संचालक दिनेश राय का घिनौना कृत्य उजागर
🔴 युगान्धर टाइम्स व्यूरो
कुशीनगर। जनपद के रविंद्रनगर धूस थाना क्षेत्र के एक रेन्बो लोरेटो एकेडमी स्कूल के संचालक दिनेश राय पर महिला शिक्षिका ने शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिक्षिका और संचालक के बीच हुई बातचीत का वीडियो भी वायरल हुआ है। शिक्षिका के तहरीर के मुताबिक संचालक ने पत्नी के बीमार होने की बात कहते हुए शिक्षिका से संबंध बनाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर हाथ पकड़ने और नहर में फेंकने की धमकी देने का आरोप है। महिला ने स्कूल की अन्य महिला शिक्षिकाओं के साथ भी कथित अभद्र व्यवहार किए जाने की बात कही है। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
शिक्षिका की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक वह रविंद्रनगर धूस क्षेत्र के रैन्बो लोरेटो एकेडमी स्कूल में वाइस प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत थी। आरोप है कि घटना से दो दिन पहले स्कूल संचालक दिनेश राय ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया था। महिला के विरोध और समझाने के बाद संचालक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए दोबारा ऐसा नहीं करने की बात कही।लेकिन एक अक्टूबर को स्कूल में छुट्टी होने के बाद संचालक की घिनौनी हरकत वीडियो में कैद हो गयी। महिला के मुताबिक संचालक उसके पास आया और बातचीत के दौरान पत्नी के बीमार होने की बात कहते हुए उससे शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। महिला ने जब इसका विरोध किया तो कथित तौर पर उसका हाथ पकड़ लिया और अभद्रता की। विरोध बढ़ने पर उसे धमकाया।
🔴 ज्यादा बोलोगी तो जान से मारकर नहर में फेंक देंगेतहरीर में महिला ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर संचालक दिनेश राय ने उसे धमकी दी कि ज्यादा बोलने पर जान से मारकर नहर में फेंक दिया जाएगा। इतना ही नहीं, महिला ने पुलिस को दी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि स्कूल संचालक का व्यवहार केवल उसके साथ ही नहीं, बल्कि विद्यालय में काम करने वाली अन्य महिला शिक्षिकाओं के साथ भी आपत्तिजनक रहा है।हालांकि अन्य शिक्षिकाओं के संबंध में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच का विषय है, लेकिन वायरल वीडियो ने पूरे मामले को गंभीर सवालों के घेरे में ला दिया है।
🔴मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड हुई बातचीत, वायरल होते ही मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि महिला शिक्षिका ने संचालक के साथ हुई बातचीत को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया था। इसी बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला शिक्षिका द्वारा संचालक दिनेशराय के सामने उसके कथित व्यवहार को लेकर सवाल उठाए जाते दिखाई-सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन और संचालक की भूमिका को लेकर इलाके में चर्चा तेज हो गई। मामला थाने पहुंचा तो पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले को गंभीरता से लेते विद्यालय के संचालक दिनेश राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
🔴 अब जांच के घेरे में स्कूल
पूरे प्रकरण में सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि महिला के आरोप जांच में सही पाए जाते हैं तो विद्यालय में कार्यरत महिला शिक्षिकाओं की सुरक्षा और उनके साथ व्यवहार को लेकर स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही क्या रही। वहीं, अन्य महिला शिक्षिकाओं को लेकर लगाए गए आरोपों की भी पुलिस जांच करती है या नहीं, यह देखने वाली बात होगी।फिलहाल वायरल वीडियो, महिला की तहरीर और दर्ज मुकदमे ने निजी विद्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वायरल बातचीत और तहरीर में लगाए गए आरोपों की सच्चाई क्या है।


