🔴मठ की जमीन पर किसका हक? तहसीलदार ने शुरू कराई जांच, रिपोर्ट का इंतजार
🔵 संयोग श्रीवास्तव
कुशीनगर।जिले के तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के ग्राम डुमरिया में मठ की भूमि पर अतिक्रमण और अवैध तरीके से कब्रिस्तान विस्तार को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद ने अब प्रशासनिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। मामले को लेकर क्षेत्रीय विधायक डॉ. असीम कुमार राय के हस्तक्षेप के बाद तहसील प्रशासन सक्रिय हो गया है और तहसीलदार ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया है।
जानकारी के अनुसार डुमरिया मठ के महंत रूद्रानंद गिरी ने आरोप लगाया है कि मठ की भूमि के साथ-साथ आवश्यकता से अधिक क्षेत्रफल पर कब्रिस्तान का निर्माण कर कब्जा किया गया है। इस संबंध में उन्होंने क्षेत्रीय विधायक डॉ. असीम कुमार राय से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की थी। यहा बताना जरूरी है कि इस प्रकरण को " युगान्धर टाइम्स " समाचार पत्र ने लगातार प्रमुखता से उठाया उठाया है। बताया जाता है कि शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने तहसीलदार तमकुहीराज महेश कुमार से दूरभाष पर वार्ता कर प्रकरण की निष्पक्ष जांच एवं समाधान सुनिश्चित करने को कहा। इसके बाद तहसीलदार ने अपने अधीनस्थ राजस्व कर्मियों को मामले से जुड़े अभिलेखों और तथ्यों की रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।सूत्रों के अनुसार प्रशासन अब भूमि अभिलेखों का मिलान कर यह स्पष्ट करने की प्रक्रिया में जुटा है कि विवादित भूमि की वास्तविक स्थिति क्या है और कहीं सरकारी अथवा धार्मिक संपत्ति पर अतिक्रमण तो नहीं हुआ है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
🔴 तहसीलदार बोले-
इस संबंध में तहसीलदार महेश कुमार ने कहा कि शासन की मंशा स्पष्ट है कि किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रकरण की रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है और तथ्य सामने आने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इधर, प्रशासन की सक्रियता के बाद क्षेत्र में यह चर्चा तेज हो गई है कि लंबे समय से लंबित पड़े इस विवाद में अब कोई ठोस निर्णय सामने आ सकता है। स्थानीय लोगों की नजरें प्रशासनिक जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
