🔴फर्जी जीएसटी अफसर का नया ऑडियो वायरल, पुलिस से बात करने का अंदाज बना चर्च
🔵युगान्धर टाइम्स व्यूरो
कुशीनगर।सोशल मीडिया पर वायरल एक ऑडियो क्लिप ने जिले में हलचल मचा दी है। ऑडियो में कथित तौर पर वही शख्स सुनाई दे रहा है जो पहले खुद को जीएसटी अधिकारी बताकर ट्रक चालकों से वसूली करने के आरोप में जेल जा चुका है। लेकिन इस बार चर्चा केवल उसकी आवाज की नहीं, बल्कि उसके “तेवर” की हो रही है।वायरल बातचीत में वह तमकुहीराज थाने पर तैनात एक पुलिसकर्मी से जिस अंदाज में बात करता सुनाई दे रहा है, उसे सुनकर लोग हैरान हैं। आवाज में ऐसा रौब, ऐसी गुर्राहट और ऐसा दबाव मानो सामने कोई पुलिसकर्मी नहीं, बल्कि उसका मातहत खड़ा हो। हालांकि ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर यह आडियो खूब वायरल हो रहा है और आमलोग यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि आखिर एक आरोपी इतना बेखौफ कैसे हो सकता है?
🔴ऑडियो नहीं.. फर्जी अफसरी का लाइव डेमो
ऑडियो सुनने वाले लोग एक ही बात कह रहे हैं अगर पुलिस से बात करने का अंदाज ऐसा है, तो ट्रक ड्राइवरों और आम लोगों पर यह व्यक्ति कितना दबाव बनाता होगा। यही वजह है कि यह वायरल क्लिप अब सिर्फ एक ऑडियो नहीं, बल्कि उस कथित " फर्जी अफसरी मॉडल " का नमूना मानी जा रही है, जिसमें आवाज, रोब और डर दिखाकर लोगों को अपने प्रभाव में लिया जाता है।सूत्र बताते हैं कि आरोपी पर पहले भी ट्रक चालकों को रोककर खुद को जीएसटी अधिकारी बताने, कागज चेक करने के नाम पर धमकाने और वसूली करने के आरोप लग चुके हैं। मामला जेल तक पहुंचा था, लेकिन अब वायरल ऑडियो ने फिर वही सवाल जिंदा कर दिए हैं।
🔴क्या था कम्प्लेन ?
पूरा मामला अब इसी सवाल पर टिक गया है कि आखिर वह कौन सी शिकायत थी, जिसके आधार पर पुलिसकर्मी उससे संपर्क में था? क्या वास्तव में कोई शिकायत दर्ज हुई थी?यदि शिकायत थी, तो आरोपी जैसा व्यक्ति पुलिस से इतनी दबंगई से कैसे बात कर रहा था?क्या उसे किसी संरक्षण का भरोसा था?या फिर मामला सिर्फ प्रभाव और डर दिखाने का था? इन सभी सवालों ने पूरे घटनाक्रम को और ज्यादा संदिग्ध बना दिया है।
🔴पुलिस और सिस्टम पर उठ रहे सवाल
वायरल ऑडियो ने केवल एक व्यक्ति की कथित दबंगई को उजागर नहीं किया, बल्कि यह भी सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर ऐसे लोग बार-बार सिस्टम के आसपास कैसे सक्रिय हो जाते हैं।अगर कोई व्यक्ति पहले भी फर्जी अधिकारी बनकर जेल जा चुका हो और फिर भी उसी अंदाज में प्रभाव दिखाता नजर आए, तो यह कानून व्यवस्था और निगरानी तंत्र दोनों पर बड़ा सवाल है।
🔴 सच सामने आना जरूरी
फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल इस ऑडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है, लेकिन मामला चर्चा का विषय बन चुका है। अब देखना दिलचस्प होगा कि पुलिस और संबंधित विभाग इस वायरल ऑडियो की जांच कर सच्चाई सामने लाते हैं या नहीं।
🔵 रिपोर्ट - संजय चाणक्य

