डीआईओएस कार्यालय में ‘आउटसोर्स बाबू’ का दबदबा, शिक्षक संघ लामबंद

 

🔴 शिक्षक संघ का अल्टीमेटम, एक हफ्ते में नही हटे सोनू तिवारी तो घेराव और मूल्यांकन कार्य होगा बहिष्कार

🔵 युगान्धर टाइम्स न्यूज नेटवर्क 

कुशीनगर।जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में अवैध रूप से अटैच आउटसोर्सिंग कर्मचारी सर्वेश्वर तिवारी उर्फ सोनू तिवारी के दबदबे को लेकर शिक्षकों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) ने सोमवार को जिला विद्यालय निरीक्षक को  ज्ञापन सौंपते हुए साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अवैधानिक रूप से कार्यालय में जमे सर्वेश्वर तिवारी उर्फ सोनू तिवारी को एक सप्ताह के भीतर नहीं हटाया गया तो संगठन डीआईओएस कार्यालय का घेराव करेगा और जरूरत पड़ी तो बोर्ड मूल्यांकन कार्य का भी बहिष्कार किया जाएगा।शिक्षक संघ ने आरोप लगाया कि सोनू तिवारी मूल रूप से पडरौना स्थित राजकीय बालिका विद्यालय के राजकीय पुस्तकालय में आउटसोर्सिंग कर्मचारी के रूप में तैनात है, लेकिन हैरत की बात यह है कि वह जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बाबू की तरह बैठकर न केवल फाइलों पर दखल दे रहा है बल्कि पूरे दफ्तर के कामकाज में प्रभावशाली भूमिका निभा रहा है। संघ का कहना है कि आउटसोर्सिंग कर्मचारी को किसी दूसरे कार्यालय में संबद्ध करके काम कराने का कोई नियम ही नहीं है, इसके बावजूद उसे डीआईओएस कार्यालय में बैठाकर संवेदनशील व गोपनीय पटल का कार्य कराए जा रहे हैं।


शिक्षक नेताओं ने आरोप लगाया कि परिषदीय व प्रतियोगी परीक्षाओं के संचालन से जुड़े गोपनीय कार्य, न्यायालय में काउंटर दाखिल करना, उच्च अधिकारियों से पत्रावलियों पर हस्ताक्षर करवाना जैसे अहम कार्य भी सोनू तिवारी के जरिए कराए जा रहे हैं। इससे विभागीय गोपनीयता और पारदर्शिता दोनों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।इतना ही नहीं, संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि जब शिक्षक और प्रधानाचार्य अपने जरूरी कार्यों के लिए डीआईओएस कार्यालय पहुंचते हैं तो संबंधित कर्मचारी उनके साथ अमर्यादित और अपमानजनक व्यवहार करता है। इससे शिक्षकों में गहरी नाराजगी है और विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।शिक्षक संघ ने अपने ज्ञापन में साफ कहा है कि यदि एक सप्ताह के भीतर सोनू तिवारी को डीआईओएस कार्यालय से बाहर नहीं किया गया तो संगठन सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करते हुए डीआईओएस कार्यालय का घेराव करेगा। इसके अलावा बोर्ड परीक्षा के उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार जैसे कड़े कदम भी उठाए जाएंगे।ज्ञापन कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. घनश्याम तिवारी, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, अटेवा जिलाध्यक्ष अजय कुमार, जिलामंत्री जुगेश यादव, उपाध्यक्ष अतुल त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष प्रमोद मौर्य, विजय सिंह, संतोष वर्णवाल, अनिल कुमार, मनोज कुमार समेत बड़ी संख्या में शिक्षक नेता मौजूद रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post