आरोपी के दरवाजे पर शव रखकर धरने पर बैठे ग्रामीण

🔴 ट्रैक्टर टाली के चपेट मे आने से युवक की मौत का मामला

🔴 युगान्धर टाइम्स न्यूज व्यूरो 

कुशीनगर । जनपद के  जटहां बाजार थाना क्षेत्र के कटाई भरपुरवा गांव में शनिवार की देर शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 25 वर्षीय रोहित की मौत हो गई। घटना से नाराज मृतक के परिजन व ग्रामीणों ने आरोपी के दरवाजे पर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पाकर मौके  पर पहुंचे एसओ ने लोगों को काफी समझाया लेकिन परिजन नहीं माने और पूरी रात शव लेकर बैठे रहे। मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए अभी भी इनका प्रदर्शन जारी है। धरने पर बैठे लोगों ने वरिष्ठ अफसरों को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए मृतक के परिजनों को दस लाख रुपये आर्थिक सहायता, पट्टे की भूमि और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। हालांकि जटहां, नेबुआ और हनुमानगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई है। लोगों को समझाने की कोशिश जारी है।

जानकारी के अनुसार, कटाई भरपुरवा गांव का 25 वर्षीय रोहित शनिवार की शाम सात बजे गन्ना क्रशर पर काम करके साइकिल से वापस घर जा रहा था। गांव के गुर्जहवा टोले पर सामने से तेज गति से आ रही गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग गया। घटना की जानकारी होने के बाद मुसहर समाज सहित अन्य लोग आक्रोशित हो गए और शव आरोपी के दरवाजे पर रखकर हंगामा करने लगे। सूचना पर एसओ रामचंद्र राम पहुंचे और नाराज लोगों को समझाकर शांत कराने की कोशिश की लेकिन यह लोग नहीं माने।



Post a Comment

Previous Post Next Post