🔴 देवरिया - कुशीनगर जनपद के मण्डल प्रभारियों के साथ प्रदेश प्रभारी राधामोहन की बैठक
🔴 युगान्धर टाइम्स न्यूज़ नेटवर्क
कुशीनगर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश प्रभारी डॉ. राधामोहन सिंह ने रविवार को कसया स्थित एक होटल में पार्टी के देवरिया और कुशीनगर जनपदो के मण्डल प्रभारियों की बैठक को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने आगामी वर्षो मे होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान मे रखते हुए सभी कार्यकर्ताओं को मिशन 2022 के अभियान में पूरी ताकत से लगने का आह्वान कर भगवान बुद्ध की धरती से मिशन 2022 का शंखनाद किया।
प्रदेश प्रभारी श्री सिंह ने कहा कि संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के सहयोग से हम सभी को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना है। निर्धारित समय से लगभग दो घंटे देर से पहुंचे डॉ. राधामोहन सिंह ने पहुंचते ही प्रथम सत्र की बैठक में दोनों जिलों के 62 मण्डल प्रभारी और दोनों जिलों के अध्यक्षों की संयुक्त बैठक को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि हम सभी को पूरी लगन से अपने काम में लगना चाहिए, आगामी विधानसभा चुनावों को हमे मिशन के रूप में लेना है और उसके अनुरूप पार्टी द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देश का पालन करते हुए हमें बूथ स्तर तक मजबूती बनाना है.
प्रदेश प्रभारी डॉ. राधामोहन ने संगठन की मजबूती बूथ स्तर तक बनाने पर बल दिया. उन्होंने कहा कि इस बार प्रदेश और क्षेत्रीय पदाधिकारियों को भी मंडल स्तर पर प्रभारी बनाया गया है, ऐसा इसलिए ताकि संगठन पूरी मजबूती के साथ अपना काम निचले स्तर तक दिखा सके। इसके लिए उन्होंने सभी पदाधिकारियों को सांगठनिक कार्य के लिए टास्क भी दिया। बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह, सांसद देवरिया रमापति राम त्रिपाठी, सांसद कुशीनगर विजय कुमार दूबे, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पीएन पाठक, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. बच्चा पांडेय नवीन, कोआपरेटिव बैंक के अध्यक्ष लल्लन मिश्र, जिलाध्यक्ष कुशीनगर प्रेम चन्द्र मिश्र, जिलाध्यक्ष देवरिया डॉ. अन्तर्यामी सिंह सहित सभी मण्डल प्रभारी मौजूद रहे।




No comments:
Post a Comment