गंडक नदी मे नाव पलटी, एक महिला की मौत
🔵 युगान्धर टाइम्स व्यूरो
कुशीनगर । चालीस लोगों से भरी नाव शनिवार को गंडक नदी में पलट गई। नदी में डूब रहे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला गया। तब तक एक महिला की मौत हो गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती करा या गया है। यह हादसा जनपद से सटे बिहार के बगहां क्षेत्र में हुआ।
कुशीनगर जनपद से सटे बिहार प्रांत के बगहां नगर के गोड़ियापट्टी घाट से शनिवार को नाव में लगभग 40 लोग सवार होकर गंडक नदी के उस पार दियारा क्षेत्र में खेती करने जा रहे थे। नदी की दूसरी तरफ नाव पहुंचने ही वाली थी कि अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव में सवार लोग नदी में डूबने लगे। जो तैरने वाले थे, वे तो तैरकर बाहर निकल गए, लेकिन डूब रहे लोगों को आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बाहर निकाला। उनमें एक महिला सुभावती देवी सहित कुछ लोगों को गंभीर हालत में बगहां के अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में गोड़ियापट्टी निवासी लालमती देवी की मौत हो गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बरामद किया। इस संबंध में बगहा नगर थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि गंडक नदी पार कर दियारा क्षेत्र में जाते समय लगभग 40 लोगों से भरी नाव पलट गई है। इस नाव हादसे में एक महिला की मौत हो गई है, जबकि अन्य लोग सुरक्षित हैं।
🔴 जिंदगी दांव पर लगाने को मजबूरउत्तर प्रदेश और बिहार के लोग खेती बारी के लिए प्रतिदिन नाव से गंडक नदी पार करके दियारा क्षेत्र में जाते हैं। उन्हें हर दिन अपनी जान जोखिम मे डालना पड़ता है। खड्डा, हनुमानगंज, जटहां बाजार सहित जनपद के कई थाना क्षेत्रों के लोग गंडक नदी पार कर दियारा में खेती व पशुपालन के लिए आते जाते हैं। सरकार की तरफ से नाव की व्यवस्था न होने पर लोग निजी नाव से आते जाते हैं। शीघ्र नदी पार करने के उतावलेपन में क्षमता से अधिक लोग नाव में सवार हो जाते हैं। ऐसे में हादसा हो जाता है। कहना न होगा कि नदी के किनारे बसे बड़ी आबादी दियारा क्षेत्र में खेती पर ही निर्भर है। इसीलिए पेट की खातिर अपनी जिन्दगी दांव पर लगाने के लिए यह लोग मजबूर हैं।
🔴पिछले साल नाव पलटने से हुई थी तीन लोगों की मौत
बतादे कि वर्ष 2022 अप्रैल में खड्डा क्षेत्र के सालिकपुर मौजा में छोटी नाव से दस लोग गंडक नदी पार कर मजदूरी करने जा रहे थे। उनकी नाव गंडक नदी में पलट गई थी। उस हादसे में हनुमानगंज थाना क्षेत्र के पथलहवा गांव की निवासी 35 वर्षीय आसमा, 18 गुड़िया वर्षीय और 27 वर्षीय सोनी की मौत हो गई थी। डूब रहे अन्य लोगों को किसी तरह बचा लिया गया था। इस नदी में अक्सर नाव हादसे होते रहते हैं।


Comments
Post a Comment