टेंडर में पहले नियमों की बलि, फिर एल-1 की बारी! शिकायत ने खोली सिंचाई विभाग की पोल?

 

🔴 नियमों की अनदेखी कर फर्म को पहुंचाया एल-1 तक! शिकायत के बाद विभाग ने क्यों समेटे कदम?

🔵 युगान्धर टाइम्स व्यूरो 

कुशीनगर। यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन लिमिटेड, लखनऊ में पंजीकरण की अनिवार्य शर्त पूरी किए बिना एक फर्म ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे सिचाई विभाग की निविदा प्रक्रिया में जगह बना ली है। हैरानी यह कि संबंधित फर्म को तकनीकी बीट में शामिल करने के बाद वित्तीय बीट में एल-1 भी घोषित कर दिया गया। हालाकि अपनी कारस्तानी की पोल खुलने के बाद विभाग ने निविदा निरस्त कर दिया है। शिकायतकर्ता ने इस पूरे घटनाक्रम में सिचाई विभाग के अधिकारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए मिलीभगत के आरोप लगाया हैं। सवाल यह है कि अनिवार्य पात्रता की शर्तों को ही कथित तौर पर दरकिनार कर दिया जाए तो पूरी निविदा प्रक्रिया की निष्पक्षता कठघरे में खड़ी हो जाती है।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, संबंधित फर्म ने अनिवार्य पंजीकरण के संबंध में कथित तौर पर भ्रामक अथवा फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत किए थे। इसके बावजूद विभागीय स्तर पर उसे टेक्निकल बीट में शामिल कर लिया गया।इसके बाद वित्तीय निविदा में एल-1 घोषित किए जाने की प्रक्रिया भी पूरी कर दी गई। मामले में सबसे अहम सवाल यह है कि जब निविदा की शर्तों में यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन लिमिटेड में पंजीकरण अनिवार्य था तो संबंधित फर्म के पंजीकरण की वास्तविक स्थिति की पुष्टि किए बिना उसे तकनीकी मूल्यांकन में आगे बढ़ने की अनुमति कैसे मिल गई? क्या दस्तावेजों का विधिवत सत्यापन किया गया था या फिर पात्रता की बुनियादी शर्त को नजरअंदाज कर दिया गया? यदि फर्म के दस्तावेज सही थे तो शिकायत के बाद निविदा निरस्त करने की नौबत क्यों आई? यही वजह है कि सिचाई विभाग की इस कारगुजारी ने निविदा मूल्यांकन की पारदर्शिता और दस्तावेजों के सत्यापन की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


🔴 शिकायत पहुंची तो निरस्त हो गया टेंडर

इस प्रकरण में सबसे दिलचस्प मोड़ शिकायत सामने आने के बाद आया। आरोपों के मुताबिक, शिकायत किए जाने के बाद विभाग ने आनन-फानन में संबंधित निविदा निरस्त कर दी और अब री-टेंडरिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सवाल यह है कि जिस निविदा प्रक्रिया में पहले तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन तक की कार्रवाई पूरी हो चुकी थी, उसमें ऐसी कौन-सी खामी सामने आई कि विभाग को पूरी प्रक्रिया ही निरस्त करनी पड़ी?यदि निविदा प्रक्रिया पूरी तरह नियमानुसार थी तो उसे निरस्त करने का आधार क्या बना? और यदि प्रक्रिया में गंभीर अनियमितता थी तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही किस स्तर पर तय की जायेगी? क्या सिर्फ टेंडर निरस्त कर दोबारा निविदा आमंत्रित कर देना इस अनियमितता की जिम्मेदारी से बचने का पर्याप्त आधार हो सकता है?

🔴 जांच सिर्फ टेंडर निरस्तीकरण तक सीमित न रहे

जानकारो का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच सिर्फ निरस्त की गई निविदा तक सीमित न रखी जाए। यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन से संबंधित फर्म के पंजीकरण की वास्तविक स्थिति की आधिकारिक पुष्टि कराई जाए। निविदा में लगाए गए प्रमाणपत्रों और दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाए। टेक्निकल बीट में फर्म को पात्र घोषित करने वाले अधिकारियों की भूमिका की जांच की जाए और एल-1 घोषित किए जाने की पूरी प्रक्रिया के अभिलेख सार्वजनिक जांच के दायरे में लाए जाएं। क्योंकि सरकारी धन से जुड़े कार्यों की निविदा प्रक्रिया किसी अधिकारी या ठेकेदार की सुविधा का माध्यम नहीं, बल्कि सार्वजनिक जवाबदेही की व्यवस्था है। ऐसे में यदि अनिवार्य पात्रता के दस्तावेजों में गड़बड़ी हुई है तो केवल टेंडर निरस्त करना पर्याप्त नहीं होगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि री-टेंडरिंग के साथ गंभीर मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है या फिर कथित दस्तावेजी खेल की तह तक पहुंचकर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाती है।

🔵 रिपोर्ट - संजय चाणक्य




Post a Comment

Previous Post Next Post