आरपीएन के निरीक्षण में सख्ती: 15 जून तक हर हाल में तैयार होगा पडरौना का बस स्टेशन

 

शीघ्र मिलेगी पडरौनावासियो को जाम के झाम से मुक्ति 

15 जून डेडलाइन पर टिकी सबकी नजर

🔵 युगान्धर टाइम्स व्यूरो 

कुशीनगर । पडरौना नगर के बहुप्रतीक्षित रोडवेज बस स्टेशन निर्माण को लेकर अब सख्ती का दौर शुरू हो गया है। सोमवार को पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री व राज्यसभा सदस्य कुंवर आरपीएन सिंह ने निर्माणाधीन बस स्टेशन का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों की कार्यशैली पर सीधी नजर डाली और साफ चेतावनी देते हुए कहा कि “15 जून तक हर हाल में काम पूरा हो, गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए ।”

निरीक्षण के दौरान सांसद ने बस स्टेशन के भवन, यात्री हाल, अधिकारियों के कक्ष को बारीकी से परखा। उनकी नजर सिर्फ दीवारों तक नहीं रुकी, बल्कि यात्रियों की सुविधा, स्वच्छता और व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत को भी उन्होंने खंगाला।शौचालय, पेयजल और बैठने की व्यवस्था को लेकर उन्होंने अधिकारियों से तीखे सवाल किए। इस दौरान कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता एलबी सिंह ने भरोसा दिलाया कि बस स्टेशन में महिला-पुरुष के लिए अलग शौचालय, स्वच्छ पेयजल, कैंटीन और आधुनिक डॉरमेट्री की सुविधा होगी। खास बात यह कि अब यात्रियों को रात में भटकना नहीं पड़ेगा। पहली मंजिल पर बने डॉरमेट्री में मामूली शुल्क पर ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। सांसद ने एआरएम जयप्रकाश प्रधान को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की रोजाना मॉनिटरिंग हो और तय समयसीमा हर हाल में पूरी की जाए।


निरीक्षण के बाद  पत्रकारों से बातचीत करते हुए  आरपीएन सिंह ने साफ कहा कि बस स्टेशन के शुरू होते ही पडरौना की सबसे बड़ी समस्या जामका समाधान हो जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी बसें सड़कों पर खड़ी होती हैं, जिससे रोजाना जाम की स्थिति बनती है। नया बस स्टेशन चालू होते ही सभी बसें परिसर में खड़ी होंगी और शहर की सड़कों को राहत मिलेगी।



Post a Comment

Previous Post Next Post