बेखबर खाकी, अपराधी बेखौफ :तरयासुजान बना शराब तस्करों और चोरों का सेफ ज़ोन - Yugandhar Times

Breaking

Friday, February 6, 2026

बेखबर खाकी, अपराधी बेखौफ :तरयासुजान बना शराब तस्करों और चोरों का सेफ ज़ोन


🔴सीमा चौकियों की नाक के नीचे तस्करी और चोरी का खुला खेल, पुलिस सिर्फ जांच में उलझी

🔵युगान्धर टाइम्स व्यूरो 

कुशीनगर। यूपी और पडोसी राज्य बिहार सीमा पर स्थित तरयाुसजान थाना क्षेत्र अब पुलिस के नियंत्रण में नहीं,बल्कि अपराधियों की शरणस्थली बन चुका है। बहादुरपुर और तिनफेडिया सीमा चौकियों की नाक के नीचे शराब तस्करी और चोरी धडल्ले से जारी है। मतलब यह कि यह इलाका शराब तस्करी और चोरी का सेफ ज़ोन बन गया है जहां अपराध बेधड़क हो रहे हैं और खाकी, वर्दी का रौब दिखाकर अपना पीठ थपथपा रही है।

बेशक! यह कोई एक-दो घटनाओं की कहानी नहीं, बल्कि लगातार लूट, चोरी के बाद पुलिस प्रशासन की रटा-रटाया जबाब'' जांच चल रही है '' कि भयावह दास्तान है। बात करे तिनफेडिया चौकी क्षेत्र के तरया हरकेश दुर्गा मंदिर की तो यहां बीते कुछ महीनों में तीन से चार बार चोरी हो चुकी है।कभी इन्वर्टर, कभी मंदिर की घंटी, कभी दानपात्र,लेकिन एक भी चोरी का आज तक खुलासा नहीं। यहीं नहीं, बीते सप्ताह तरयालछ्छीराम प्राथमिक विद्यालय में भी भीषण चोरी हुई।विद्यालय से गैस सिलेंडर, चूल्हा, करीब छ दर्जन थाली -गिलास, कटोरी समेत अन्य सामान चोर उठा ले गए। ग्रामीणों ने तहरीर दी, लेकिन पुलिस का वही रटा रटाया जबाब “जांच चल रही है।” इतना ही नहीं,तरया लच्छीराम ब्रह्मा स्थान से पीतल की घंटी चोरी हुई, हफुआ जीवन शिव सागर पोखरा स्थित प्राचीन शिव मंदिर से इन्वर्टर-बैटरी गायब हुआ, दानपात्र तोड़ा गया, सबकी सूचना ग्रामीणो ने पुलिस को दी बावजूद इसके चोर आज तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

🔴मैनेजमेंट हो गया, चोर नहीं पकड़े गए

शिव मंदिर चोरी को लेकर चर्चा है कि पुलिस ने “मैनेज” कर वहां दोबारा इन्वर्टर-बैटरी की व्यवस्था करा दी लेकिन चोर कानून के लंबे हाथ के पकड से दूर रहे। क्या अपराध सिर्फ मैनेजमेंट से खत्म हो जाएगा?

🔴 शराब तस्करी पर बिहार पुलिस की मुहर

कहना ना होगा कि बहादुरपुर चौकी की चेकिंग व्यवस्था की पोल उस समय. बेनकाब हो गई जब बगल के बिहार में एक हजार पेटी शराब पकड़ी गई। सवाल लाजमी है इतनी बड़ी शराब की खेप यूपी सीमा से पार कर बिहार कैसे पहुंची? क्या बहादुरपुर चौकी सिर्फ नाम की चौकी है?

🔴चोरो का ‘सेफ जोन’ बना  इलाका

एनएच-28 के पास तार काटकर ले जाने की घटनाएं हों या विद्यालयों में चोरी यह बताने के लिए काफी है कि इस सीमांत इलाके में अपराधियों की चांदी है और पुलिस की पकड़ ढीली है।हालांकि, यह भी सच है कि जिले की कमान संभाल रहे कप्तान साहब ने पूर्व में बहादुरपुर चौकी से जुड़े एक एसआई पर कार्रवाई कर यह संदेश दिया है कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, लेकिन सवाल अभी सुरसा की तरह मुंह बाये खडी है क्या पूरी चौकी व्यवस्था की समीक्षा होगी?क्या बार-बार चोरी और तस्करी के बावजूद जिम्मेदारों पर गाज गिरेगी? या फिर  तरयाुसजान थाना यूं ही अपराधियों की प्रयोगशाला बना रहेगा?

रिपोर्ट -संजय चाणक्य /संयोग श्रीवास्तव



 

No comments:

Post a Comment

Post Top Ad

Responsive Ads Here