बीआरएम स्कूल के मंच पर सजी संस्कृति, नन्हे कलाकारों ने मोह लिया मन - Yugandhar Times

Breaking

Monday, February 9, 2026

बीआरएम स्कूल के मंच पर सजी संस्कृति, नन्हे कलाकारों ने मोह लिया मन

🔴शिक्षा,संस्कार और सम्मान का संगम बना बीआरएम स्कूल का वार्षिकोत्सव

🔵 युगान्धर टाइम्स व्यूरो 

कुशीनगर। जिले के सेवरही विकासखंड अंतर्गत ग्रामसभा सलेमगढ़ बाजार, बसडिला बुजुर्ग रोड स्थित बीआरएम स्कूल में शनिवार को वार्षिकोत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुरस्कार वितरण एवं सहभोज का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की भव्यता और अनुशासित आयोजन ने ग्रामीण अंचल में भी विशेष सराहना बटोरी।

शिक्षा की गुणवत्ता, बच्चों की प्रतिभा को मंच देने और कठोर अनुशासन के लिए क्षेत्र में अलग पहचान बना चुके बीआरएम स्कूल ने इस आयोजन के जरिए एक बार फिर साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्र में भी उत्कृष्ट शैक्षणिक और सांस्कृतिक वातावरण संभव है।विद्यालय प्रबंधन द्वारा पूर्व निर्धारित समयानुसार शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति, सामाजिक कुरीतियों, धार्मिक संस्कारों, पारिवारिक स्नेह और तिरस्कार जैसे विषयों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों ने जब मंच से अपने किरदारों को जीवंत किया, तो दर्शक भावविभोर हो उठे। एक पल को अभिभावक और अतिथि यह सोचने पर मजबूर हो गए कि क्या ये वही शरारती बच्चे हैं, जो अब मंच पर पूरी तन्मयता से अपने पात्र में रम गए हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ अवकाश प्राप्त शिक्षक इकबाली राय, विद्यावती देवी महिला महाविद्यालय के प्रबंधक बबलू राय एवं विद्यालय प्रबंधक राजन कुमार मिश्रा द्वारा फीता काटकर, मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। विद्यालय की कक्षागत पढ़ाई एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सभी मेधावी छात्रों को मंच से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख डॉ. विजय राय, उदय नारायण गुप्ता, मधुर श्याम राय, हरेंद्र मिश्रा, अविनाश सिंह, राजेंद्र मिश्रा, निलय सिंह (भाजपा नेता), अभिषेक मिश्रा, भरत मिश्रा, अनील मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। साथ ही यूनिट ऑफ प्राइवेट स्कूल्स के अध्यक्ष संतोष मिश्रा, विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

🔴 रिपोर्ट - संयोग श्रीवास्तव 

No comments:

Post a Comment

Post Top Ad

Responsive Ads Here